‘सावधान इंडिया’ फेम एक्टर का निधन, 3 साल से लड़ रहे थे कोलन कैंसर से जंग

मुंबई. टीवी एक्टर विभु राघव का चौथे स्टेज के कोलन कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया. उन्होंने टीवी शो ‘निशा और उसके कजिन्स’ से पॉपुलैरिटी हासिल की थी. उनका असली नाम वैभव कुमार सिंह राघव था. विभु ने मुंबई में अंतिम सांस ली. उनकी दोस्त और एक्ट्रेस कावेरी प्रियम और एक्टर करण वीर मेहरा ने उनके निधन की पुष्टि की. विभु टीवी इंडस्ट्री में ‘निशा और उसके कजिन्स’, ‘सावधान इंडिया’ और अन्य शो में नजर आ चुके थे. साल 2022 में उन्हें कोलन कैंसर का पता चला था. इसकी जानकारी उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी दी थी.

वैभव कुमार सिंह राघव अक्सर अपने फॉलोअर्स को अपनी हेल्थ अपडेट देते थे. पॉजिटिव बने रहने की कोशिश करते दिखते थे. वह फैंस और फॉलोवर्स के बीच पॉजिटिविटी भी फैलाते थे. वैभव का ट्रीटमेंट मुंबई के नानावटी अस्पताल में चल रहा था. उनके निधन से कुछ दिन पहले एक्ट्रेस सिंपल कौल, अदिति मलिक और कई अन्य कलाकारों ने उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील की थी.

वैभव कुमार सिंह राघव के निधन की खबर के बाद, सिंपल कौल ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक फोटो साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी, “तुम्हारी बहुत याद आएगी मेरे प्यारे दोस्त विभु. प्यार, रोशनी और खुशियां मिलें.” विभु की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 12 अप्रैल की थी. उन्होंने इसे कैप्शन दिया था, “एक दिन में एक दिन.” ये उनकी ताकत और संकल्प को दर्शाता है, यहां तक कि सबसे कठिन दिनों में भी. उन्हें अंत तक अपने प्रशंसकों से प्यार और समर्थन मिलता रहा

सिंपल कौल ने 27 मई को एक इमोशनलन अपील की थी, “हैलो दोस्तों! हमारे दोस्त विभु के बारे में एक छोटा सा अपडेट. वह हमारा दोस्त, को-एक्टर और हमारे रेस्तरां में सहकर्मी रहे हैं. वह हमारे लिए परिवार से बढ़कर रहे हैं. वह पिछले दो हफ्तों से नानावटी अस्पताल में चौथे स्टेज के कैंसर से लड़ रहे हैं. यह हम सभी के लिए एक भावनात्मक यात्रा रही है.”

सिंपल कौल ने आगे लिखा, “वह बहादुरी से लड़ रहे हैं. हमारे फंड खत्म हो गए हैं और हमें तुरंत फंड की जरूरत है. कृपया उनकी रिकवरी के लिए प्रार्थना करें और उनके अस्पताल के इलाज के लिए जो भी हो सके योगदान दें. आपकी शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं पहले भी हमारी मदद कर चुकी हैं. आपके प्यार और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद.”

Leave a Comment