चित्तौड़गढ़. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार रात को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया. चित्तौड़गढ़ शहर के कोतवाली थाना इलाके के सेमलपुरा में स्थित एक होटल पर खाना खा रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई. गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा. हमले के लिए करीब दो दर्जन हमलावर आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों में सवार होकर आए थे. हमलावरों ने वहां करीब 15 से 20 मिनट तक 50 से 60 गोलियां चलाई.
कोतवाली थानाधिकारी भावनीसिंह ने बताया कि हत्या का शिकार हुआ युवक अजयराज सिंह झाला चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा का रहने वाला था. उसके पिता शिव सिंह झाला चित्तौड़गढ़ पुलिस में एएसआई के पद पर थे. वे कुछ समय पहले रिटायर हो गए थे. हत्या की वारदात रविवार देर रात को हुई. उस समय अजयराज सिंह अपने साथियों के साथ होटल पर खाना के लिए आया था. उसी दौरान गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दी.
जयराज को निशाना बनाने के लिए करीब 15-20 मिनट तक फायरिंग की गई
हमलावरों के निशाने पर अजयराज सिंह ही थी. गोलियों की बौछारें होते ही वहां भगदड़ मच गई. वहां मौजूद अन्य लोग भी सहम गए. बताया जा रहा है कि आरोपियों में से चार लोगों ने पिस्टल से गोलियां दागी. अजयराज को निशाना बनाने के लिए करीब 15-20 मिनट तक फायरिंग की गई. हमलावरों से बचने के लिए अजयराज ने होटल की छत से कूद कर स्वयं को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आखिरकार वह हमलावरों के निशाने पर आ गया.
अस्पताल में अजयराज की मौत हो गई
गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए. बाद में गोली लगने से घायल हुए अजयराज को पहले पहले बिड़ला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन वहां डॉक्टर उसे देखते ही भाग छूटा. बाद में अजयराज को वहां से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन वहां अजयराज की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे और अजयराज की मौत हो चुकी थी.
हमला किसी पुरानी व्यवसायिक रंजिश का नतीजा थी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला किसी पुरानी व्यवसायिक रंजिश का नतीजा थी. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हमलावरों की पहचान ईश्वर सिंह डेट और उनके साथियों के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. अजयराज का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है. हमलावरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. शव का आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.